चांदी के गहनों की सही कीमत कैसे निकालें? (Purity, Rate, Making Charge + GST Guide)

दोस्तों, चाहे त्यौहार का मौका हो या घर में शादी विवाह जैसे शुभ कार्यों का समय हो, हम सबको चांदी के गहने खरीदने या बनवाने की जरूर पड़ती ही है, आपको जानकर हैरानी होगी की ज्वेलर्स चांदी के गहनों में आपसे ज्यादा पैसे ले लेते हैं और आपको पता भी नहीं चल पाता. ऐसे में आपको यह पता होना बहुत जरूरी है कि आप अपने ज्वेलर्स से जो भी गहने बनवा रहे हैं कहीं उनके बदले आपसे ज्यादा पैसे तो नहीं लिए जा रहे?

इस ब्लॉग में आप चांदी के गहनों की सही कीमत कैसे निकालें सीखेंगे और यह भी जानेंगे कि आमतौर पर ज्वेलर्स (सुनार) कैसे आपको बेवकूफ बनाकर ज्यादा पैसे ले लेते हैं.

चांदी के गहनों से जुड़े सामान्य शब्द

चांदी के गहनों का सही रेट निकालने से पहले आपको इनसे जुड़े कुछ शब्द जैसे कि चांदी की शुद्धता (Purity), चांदी का दाम (Rate), गहने को बनाने में लगा पैसा (Making Charge) और जीएसटी (GST) के बारे में समझना जरूरी है. इन सबको समझने के बाद ही आप गहनों का सही और सटीक कीमत निकाल पाएंगे. चलिए अब एक-एक करके इन सब के बारे में विस्तार से जानते हैं.

1. शादी के गहनों की शुद्धता (Purity): चांदी की गहनों की शुद्धता का मतलब है की उस गहने को बनाने में जो चांदी इस्तेमाल की गई है उसमें कितनी मिलावट है. चांदी बहुत ही नरम धातु होती है अतः पूरी तरह से शुद्ध चांदी से गहने बनाना संभव नहीं है, इसलिए गहने बनाने के लिए चांदी में दूसरे धातु जैसे पीतल, तांबा, निकिल आदि की मिलावट कर दी जाती है.

चांदी के कोड से उसकी शुद्धता का पता चलता है तीन अंक वाले कोड में 10 से भाग करने पर उसमें शुद्ध चांदी का प्रतिशत निकल जाता है. जैसे S 999 में 10 का भाग करेंगे तो 99.9% आएगा इसका मतलब S 999 वाली चांदी को 100% शुद्ध चांदी मान सकते हैं.

इसी तरह से S 925, S 800, S 695, S625 जैसे कई तरह की शुद्धता वाली चांदी आती है जिनमें शुद्ध चांदी क्रमशः 92.5%, 80%, 69.5% और 62.5% होती है.

सामान्य तौर पर दो तरह की शुद्धता वाले चांदी के गहने बाजार में देखने को मिलते हैं:

  • स्टर्लिंन सिल्वर या बेदाग चांदी (S 925)
  • रूपा चांदी (S 625)

बेदाग चांदी वाले गहनों में शुद्ध चांदी 92.5% होती है और 7.5% की मिलावट की जाती है, इसका मतलब अगर गहने का कुल वजन 100 ग्राम है तो उसमें 92.5 ग्राम ही शुद्ध चांदी है बाकी 7.5 ग्राम की मिलावट है. क्योंकि इस तरह की चांदी में मिलावट कम होती है तो इससे कुछ सामान्य तरह के गहने जिनमें बहुत कम डिजाइन होती है जैसे चांदी की अंगूठी, चांदी के ब्रेसलेट, चांदी का मीना (बिछिया), या बहुत ही कम डिजाइन वाले चांदी के पायल बनते हैं. इस चांदी का कोड S 925 है.

रूपा चांदी वाले गहनों में शुद्ध चांदी 62.5% होती है और इसमें 27.5% की मिलावट की जाती है, इसका मतलब अगर गहने का कुल वजन 100 ग्राम है तो उसमे मात्र 62.5 ग्राम ही शुद्ध चांदी है बाकी 27.5 ग्राम की मिलावट है. सबसे ज्यादा गहने बनाने में इसी चांदी का प्रयोग किया जाता है क्योंकि इससे बहुत ही ज्यादा सुंदर और आकर्षक डिजाइन वाले गहने तैयार किया जा सकते हैं. इस चांदी का कोड S 625 है.

2. शुद्ध चांदी का भाव (Rate): सामान्य तौर पर चांदी का भाव प्रति किलोग्राम बताया जाता है जैसे कि 260000 रुपए प्रति किलोग्राम. आप ऑनलाइन भी चांदी का वर्तमान भाव इंटरनेट से चेक कर सकते हैं. चांदी के भाव को आप एक ग्राम के हिसाब से भी निकाल सकते हैं बस आपको एक किलो चांदी के भाव में 1000 से भाग कर देना है तो 1 ग्राम का भाव निकल जाएगा. जैसे अगर 1 किलो चांदी 260000 रुपए की है तो 1 ग्राम चांदी 260 रुपए की होगी.

एक ग्राम का भाव निकल जाने के बाद आप 5 ग्राम, 10 ग्राम, 15 ग्राम, कितने भी ग्राम का भाव आसानी से निकाल पाएंगे बस आपको एक ग्राम के भाव में उतने ग्राम से गुणा कर देना है जितने ग्राम का भाव आपको निकालना है.

1 किलो चांदी का भाव = 260000 रुपए 
1 ग्राम चांदी का भाव = 260000/1000 = 260 रुपए
5 ग्राम चांदी का भाव = 260 x 5 = 1300 रुपए
12 ग्राम चांदी का भाव = 260 x 12 = 3120 रुपए

आपको यह बात ध्यान रखती है की चांदी का जो भाव आपको बताया जाता है वह 100% शुद्ध चांदी का भाव होता है.

3. गहने को बनाने में लगा पैसा (Making Charge): चांदी के गहनों को या तो मशीन से बनाया जाता है या फिर उसे कारीगर अपने हाथ से बनता है, दोनों ही स्थिति में गहने को बनाने में कुछ रुपए लगते हैं इसी को मेकिंग चार्ज कहा जाता है. आमतौर पर गहनों की कुल कीमत तय होने के बाद मेकिंग चार्ज अलग से जोड़ा जाता है.

गहनों पर मेकिंग चार्ज उनकी डिजाइन के आधार पर लिया जाता है. यदि किसी गहने में बहुत ही सुंदर और आकर्षक हाथ से बनाए गए डिजाइन होते हैं तो उनको बनाने में ज्यादा मेहनत लगती है इसलिए उन पर मेकिंग चार्ज ज्यादा लगता है, वहीं दूसरी तरफ जो चांदी के गहने मशीन से आसानी से बन जाते हैं उन पर मेकिंग चार्ज काम लिया जाता है. आमतौर पर चांदी के गहनों पर मेकिंग चार्ज ₹300 से ₹1000 के बीच में हो सकता है.

4. चांदी के गहनों पर GST: चांदी से बने गहनों पर सरकार की तरफ से 3% जीएसटी लिया जाता है, इसलिए आप जब भी गहने खरीदने जाते हैं तो आपको गहनों की कीमत (जिसमें मेकिंग चार्ज भी शामिल होता है) का 3% एक्स्ट्रा पैसा जीएसटी के लिए देना पड़ता है. जैसे आपके गहने की कीमत ₹90 है और मेकिंग चार्ज ₹10 हैं तो कुल कीमत ₹100 हो जाती है, अब इस ₹100 पर आपको 3% एक्स्ट्रा जीएसटी देनी है यानी कुल ₹103 आपको देना पड़ेगा.

आंखों के सामने ऐसे ठगी करते हैं ज्वेलर्स

दोस्तों जब भी आप चांदी के गहने लेने जाते हैं तो ज्वेलर्स आपको ठग लेते हैं, क्योंकि आपको चांदी के गहनों के बारे में सही जानकारी नहीं होती है. चलिए हम जानते हैं कि आखिर कैसे यह ज्वेलर्स आपकी आंखों के सामने आपसे ठगी कर लेते हैं यानी गहनों के बदले ज्यादा पैसे ले लेते हैं और आपको पता भी नहीं चलता है.

1. शुद्ध चांदी का भाव लगाकर ठगी: सभी ज्वेलर्स ठगी के लिए इस तरीके का इस्तेमाल करते हैं. जैसा कि अब आप जानते हैं की ज्यादातर चांदी के गहने दो तरह की शुद्धता वाली चांदी से बने होते हैं: S 925 और S 625. असल में इन गहनों में शुद्ध चांदी सिर्फ 92.5% और 62.5% ही होती है लेकिन यह लोग आपसे 100% शुद्ध चांदी का भाव बताते हैं और इसी भाव पर आपको यह कम शुद्धता वाली चांदी से बने गहने बेच देते हैं.

इस तरह से आपसे बेदाग चांदी पर सही कीमत का 7.5% और रूपा चांदी पर 37.5% अधिक पैसा ले लेते हैं, और आप देकर भी चले आते हैं. कहीं-कहीं पर तो बेदाग चांदी का दाम दोगुना बात कर लेते हैं जो की बिल्कुल गलत है.

2. चांदी बदलने पर कीमत में 30% की कटौती वाली ठगी: यह ज्वेलर्स का दूसरा सबसे बड़ा ठगी का तरीका है. चांदी के गहने देते समय आपसे 100% शुद्ध चांदी का भाव लिया जाता है, लेकिन जब आप उस गहने को कुछ समय बाद वापस करने जाते हैं या बदलने जाते हैं तो ज्वेलर्स उसके भाव में से सीधा-सीधा 30 परसेंट कीमत काट लेते हैं. यानी अगर आपकी चांदी ₹100 की बन रही है तो उसमें से ₹30 काटकर आपको सिर्फ ₹70 ही वापस करेंगे.

यहां 30% की कटौती करना ही अपने आप में ठगी है क्योंकि आप उनको जो चांदी के गहने बदलने के लिए दे रहे हैं अगर वह 92.5% वाली शुद्धता वाली बेदाग चांदी है तो उनको सिर्फ 7.5% की कटौती ही करनी चाहिए, क्योंकि इसमें इतनी ही मिलावट होती है.

ज्वेलर्स कटौती इसलिए करते हैं क्योंकि उनको पता होता है कि जो चांदी आप उन्हें वापस करने जा रहे हैं वह 100% शुद्ध चांदी नहीं है, लेकिन यही गहने आपको देते समय 100% शुद्ध चांदी का पैसा लेते हैं.

मान लीजिए आपने ज्वेलरी वाले से रूपा चांदी वाले गहने ₹100 में खरीदा, जबकि इसकी सही कीमत ₹70 होनी चाहिए यानी सीधे तौर पर आपसे ₹30 की ठगी कर ली गई, और जब आप इसको बदलने वापस करने जाएंगे तो इसमें से फिर से ₹30 की कटौती कर ली जाएगी.

चांदी के गहनों की सही कीमत कैसे निकालें?

चलिए अब जानते हैं कि चांदी से बने गहनों की सही कीमत आप कैसे निकालेंगे.

चांदी के गहनों की सही कीमत कैसे निकालें

1. सबसे पहले ज्वेलर से यह कंफर्म करें की जो गहने आप ले रहे हैं उसकी शुद्धता क्या है? उनसे उस चांदी का कोड पूछे जिससे वह गहना बनाया गया है. कोड जानकर आप गहने में शुद्ध चांदी का प्रतिशत निकाल सकते हैं जैसे S 625 सिल्वर में शुद्ध चांदी 62.5% होगी. प्रत्येक गहनों पर कोड का हॉलमार्क बना होता है.

2. अब चांदी के गहने का वजन देखें कि वह कितने ग्राम का है. फिर इस वजन में शुद्ध चांदी के प्रतिशत का गुणा करें, जैसे यह 625 वाली चांदी के लिए आपको कुल वजन में 62.5 % का गुणा करना पड़ेगा. इससे गहने में जितनी शुद्ध चांदी है उसका पता चल जाए.

3. अब शुद्ध चांदी के वजन में चांदी के भाव का गुणा कर दें, गहने का सही मूल्य आ जाएगा. अब इसमें मेकिंग चार्ज भी जोड़ दें.

4. क्योंकि अभी 3% की जीएसटी भी लगानी है इसलिए (गहनों की कीमत + मेकिंग चार्ज ) में 103% से गुणा कर दें, इससे गहने की वास्तविक कीमत आ जाएगी जिसमें मेकिंग चार्ज और जीएसटी दोनों शामिल होंगे.

मान लीजिए की 1 ग्राम शुद्ध चांदी का भाव = 260 रुपए है.

रूपा चांदी (S 625) की पायल का वजन = 20 ग्राम
पायल में शुद्ध चांदी का वजन = 20 x 62.5% = 12.5 ग्राम
पायल की सही कीमत = 12.5 x 260 = 3250 रुपए
मेकिंग चार्ज = 400 रुपए
मेकिंग चार्ज सहित पायल की कीमत = 3250 + 400 = 3650 रुपए
3% GST के साथ पायल का सही कीमत = 3650 x 103% = 3759 रुपए

यानी आप ज्वेलर्स को 20 ग्राम वाली पायल के लिए 3759 देंगे.

इस तरह से आप किसी भी शुद्धता वाली चांदी से बने गहने की सही कीमत निकाल सकते हैं और अपने आप को ठगे जाने से बचा सकते हैं.

यह भी पढ़ें: 2 मिनट में खोलें जीरो बैलेंस बैंक अकाउंट

गहने खरीदते समय समय ध्यान में रखने वाली बातें

दोस्तों जब भी चांदी के गहने खरीदने जाएं तो नीचे दिए गए कुछ बिंदुओं का पालन करें , जिससे कि कोई भी सुनार आपसे गहनों के बदले ज्यादा पैसे ना ले सके:

  • कई बार ज्वेलर्स सामान्य भाव से ज्यादा भाव लगते हैं इसलिए तुरंत ही आप ऑनलाइन चांदी का भाव जरूर चेक कर लें
  • गहने में कितने शुद्धता की चांदी इस्तेमाल हुई है यह जरूर पूछे और गहने पर बने हॉलमार्क पर अपनी आंखों से देखकर मिलान करें
  • गहने को अपनी आंखों के सामने वजन करवा लें
  • मेकिंग चार्ज कितना लिया है यह भी अलग से पूछे
  • खरीदने के बाद बिल जरूर लें, यदि वह सामान्य कागज पर लिखकर आपको बिल देते हैं तो ना लें. उनसे कहें आपकी दुकान का नाम जिस पर हो, जीएसटी जिस पर हो वह बिल दीजिए और उस बिल पर ज्वेलरी वाले का सिग्नेचर भी होना चाहिए

इस तरह से यदि आप जागरूक होकर चांदी के गहनों की खरीदारी करते हैं तो आपको कोई भी ज्वेलरी वाला ठग नहीं सकता है.

निष्कर्ष

ज्वेलर्स आपसे ज्यादा दाम लेने के लिए आपको बहुत सारे बहाने बता सकते हैं जैसे की:

  • हमारे बाजार का भाव अलग से तय होता है
  • चांदी पर मेकिंग चार्ज बहुत ज्यादा लगता है
  • सभी चांदी को 100% शुद्ध चांदी के भाव पर बेचा जाता है
  • शुद्धता पूछने पर आपको दूसरी बातों में उलझा देंगे
  • रेट पर डिस्कशन करने से आपको कहेंगे कि आप दूसरी जगह से ले लीजिए

इस तरह से आप पर दबाव बनाते हैं ताकि आप उनकी बात मान जाए और जिस रेट पर वह जो भी गहने दे रहे हैं उसको आप तुरंत खरीद लें. लेकिन आपको गुस्सा नहीं करना है और उनके सामने तर्क सहित बात रखनी है, इस तरह से आप अपने आप को ठगे जाने से बचा सकते हैं और अपने मेहनत से कमाए हुए पैसे को पानी में बहने से रोक सकते हैं. उम्मीद है अब आप चांदी के गहनों की सही कीमत कैसे निकालें यह समझ चुके होंगे.

FAQs

चांदी की गहनों की शुद्धता कैसे जाने?

चांदी के गहनों की शुद्धता के लिए तीन अंको का एक कोड हॉलमार्क के रूप में गहने पर बना होता है. जैसे S 999, S 925, S 800 आदि इत्यादि. शुद्ध चांदी का % निकालने के लिए इस कोड में 10 का भाग कर देते हैं जैसे S 800 मार्क वाले गहने में 80% शुद्ध चांदी है.

चांदी के गहनों में मेकिंग चार्ज क्या होता है?

मेकिंग चार्ज से मतलब गहने को बनाने में कारीगर द्वारा की गई मेहनत या मशीन द्वारा बनाने में आई लागत से है. गहनों पर मेकिंग चार्ज गहने पर बने डिजाइन उसको बनाने में लगे समय और बढ़ाने के तरीके पर निर्भर करता है हाथ से हुए बने गहनों पर मेकिंग चार्ज ज्यादा लगता है.

चांदी की गहनों पर जीएसटी कितनी लगती है?

सरकार द्वारा चांदी की गहनों पर जीएसटी 3% तय की गई है, तथा जब भी आप गहने खरीदने जाएं तो उसे पर तीन प्रतिशत से अधिक जीएसटी ना दें. ज्वेलर से लिए गए गहनों का बिल जरूर लें जिस पर उनका GSTIN नंबर लिखा हो.

Leave a Comment

Join for latest updates! OK No thanks